देश वायु प्रदूषण पर बहस चल रही है लेकिन इस बहस के बीच गांवों में प्रदूषण मुद्दा ही गायब है इस बहस का मुख्य केंद्र सिर्फ राजधानी दिल्ली तक ही सिमट के रह जाता है.जबकि देश के ऐसे कई गांव है जहां उद्योगों की वजह से वायु प्रदूषण का स्तर सामान्य से कई गुणा अधिक रहता है. ऐसा ही एक गांव बीकानेर जिले का खारा गांव है जहां दिन भर में जहरीले धुएं की गर्द छाई रहती है और अब गांव वाले पलायन को मजबूर हो रहे है. बीकानेर से करीब 15 किलोमीटर दूर एनएच 62 पर स्थित यह गांव राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम लिमिटेड के सीमा पर बसा है . गांव के आबादी क्षेत्र और औद्यौगिक इकाइयों के बीच महज 10 मीटर का फासला है . इन औद्यौगिक इकाइयों के तहत गांव की सीमा पर लाईन से 40 प्लास्टर ऑफ पेरिस की फैक्ट्रियां स्थापित हो चुकी है जिससे निकलने वाला धुंआ गांव के लोगों का धीरे -धीरे दम घोट रहा है . थार क्रॉनिकल ने इस गांव का हाल जाना तो पता चला कि गांव के आबादी क्षेत्र से महज 10 मीटर दूर पीओपी की फैक्ट्रियां संचालित हो रही है जिससे दिन रात निकलने वाला धुआं गांव की तरफ फैलता है . गांव के रहने वाले करीब 32 साल के गजे सिंह ने बताया कि सर्दियों में हवा की दिशा गांव की तरफ रहती है जिससे सुबह 10 बजे भी कड़ी धूप के बीच पूरे गांव में धुएं की गर्द छाई रहती है. नवम्बर 2024 में राजस्थान प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड की एक टीम ने गांव वालों की शिकायत के बाद गांव के आबादी क्षेत्र व औद्योगिक क्षेत्र का दौरा कर आबादी क्षेत्र व औद्योगिक क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर मापा तो आंकड़े चौकाने वाले थे . दौरे शामिल तीन अधिकारियों की टीम में दो साइंटिस्ट व एक राजस्थान प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड जयपुर के सीईई थे इन संयुक्त अधिकारियों की टीम ने अपनी रिपोर्ट में माना था कि खारा गांव के समीप स्थित औद्योगिक क्षेत्र में प्लास्टर ऑफ पेरिस पुरानी और अप्रचलित तकनीक से चल रहे है,जिसके कारण भारी मात्रा में उत्सर्जन होता है और आसपास के क्षेत्रों में वायु प्रदूषण की समस्या उत्पन्न हो रही है.रिपोर्ट में लिखा गया है कि अधिकांश धूल उत्सर्जन उड़नशील प्रकृति का है. वहीं इस दौरान 10 दिनों तक खारा गांव के सरकारी स्कूल,गांव की सीमा और गांव के बीच पीएम 10 का स्तर मापा गया तो पीएम 10 की मात्रा मानक से 4 से लेकर 15 गुना तक ज्यादा पाई गई थी.इन दस दिनों के दौरान इसकी मात्रा 398 से लेकर 1528 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर रही । (हमारे पास जांच रिपोर्ट की प्रति उपलब्ध है.) गौर करने वाली बात है कि गांव के सरकारी स्कूल के पीछे पीएम 10 की मात्रा 1528 रिकॉर्ड की गई थी इससे साफ है कि स्कूल के बच्चों पर सबसे अधिक प्रदूषण का असर पड़ रहा है. पीओपी की फैक्ट्रियों के महज 10 मीटर सामने स्थित एक मकान में रहने वाली 29 साल की लीला भाट कहती है कि "उन्हें अब बदलाव की उम्मीद खत्म हो चुकी है.सालों से जांच टीम इस गांव में आ रही है लेकिन कुछ नही होता". लीला भाट के पति 30 साल के ठाकर भाट को स्वांस संबंधित बीमारी है और वे कहती है हमारी और हमारे चार बच्चों की जिंदगी तो अब ऐसे ही चलेगी. थार क्रॉनिकल ने दो दिनों तक गांव के करीब 50 घरों में जाकर प्रदूषण के कारण होने वाली परेशानियों के बारे में पूछा तो सबसे प्रमुख समस्या अस्थमा की नजर आई कई लोगों ने आंखों में जलन और स्कीन एलर्जी की भी बात कही. हालांकि गांव के लोगों में किसी के भी स्कीन की समस्या प्रत्यक्ष आंखों से दिखाई नही दी. गांव में रहने वाले 40 साल के विक्रम सिंह बताते है कि पीओपी की फैक्ट्रियों से निकलने वाले धुंए ने उनका जीवन बरबाद कर दिया है.वे अपने बच्चे की मेडिकल रिपोर्ट बताते हुए कहते है कि मेरा 7 साल का बच्चा है वो अस्थमा पॉजिटिव है,मेरी पत्नी और दादी को भी अस्थमा हो गया है.विक्रम सिंह अब गांव छोड़कर जाने की सोच रहे है . हमने खारा ग्रोथ सेंटर में प्रदूषण को रोकने के लिए किए जा रहे उपायों के बारे में बीकानेर क्षेत्रीय प्रदूषण बोर्ड के अधिकारी राजकुमार मीणा से बात की तो उन्होंने बताया कि "खारा औद्योगिक क्षेत्र में कुल 100 औद्योगिक इकाइयां हैं। इस क्षेत्र में हम नियमित निरीक्षण के लिए जाते हैं और जो औद्योगिक इकाइयां प्रदूषण नियमों का पालन नहीं करतीं, उन्हें बंद किया जाता है। राजकुमार मीणा ने बताया कि अब तक हमने खारा औद्योगिक क्षेत्र में 21 औद्योगिक इकाइयां पर कार्यवाही की है . थार क्रॉनिकल ने खारा ग्रोथ सेंटर और खारा गांव का जायजा लिया तो पाया कि इस गांव में दिन भर पीओपी की फैक्ट्रियों से निकलने वाले धुएँ की गर्द छाई रहती है,गांव में लगे पीपल , खेजड़ी और अन्य वृक्षों समेत लोगों के घरों और दुकानों पर भी डस्ट जमी रहती है तो वहीं गांव के ज्यादतर लोग अब अस्थमा से लड़ाई लड़ रहे है. वहीं दूसरी तरफ खारा ग्रोथ सेंटर में संचालित हो रही फैक्ट्रियां नियमों को ताक पर रख के धड़ल्ले से दिन रात संचालित हो रही है । इन फैक्ट्रियों में लगे डस्ट क्लस्टर जुगाड़ से बनाए गए है जिससे कि धुआं सीधा ऊपर नहीं जाकर पूरे वातावरण में फेल जाता है.खारा ग्रोथ सेंटर की सड़के टूटी हुई है,जिससे दिन रात धूल उड़ती रहती है.इस औद्योगिक क्षेत्र में पौधारोपण के लिए बनाए गए पार्क में पौधे सूखे पड़े है और फैक्ट्रियों से निकलने वाला गंदा पानी खुले नालों में ही छोड़ा जा रहा है . खारा ग्रोथ सेंटर में पीओपी की इकाइयों से होने वाले वायु प्रदूषण का मामला एनजीटी में विचाराधीन है हाल ही में इस मामले को लेकर एक सुनवाई भी हुई है जिसमें राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल ने NGT को बताया है कि क्षेत्र की 21 औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण कर उनके खिलाफ बंद करने के नोटिस जारी किए गए हैं. वहीं,बीकानेर चिकित्सा विभाग की ओर से खारा गांव और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों के 694 घरों का घर-घर जाकर स्वास्थ्य सर्वेक्षण किया गया, जिसमें 121 लोगों में सांस संबंधी बीमारियों के लक्षण पाए गए.इन लोगों को विस्तृत चिकित्सा जांच के लिए रेफर किया गया है तथा समय-समय पर चिकित्सा शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं.अधिकरण ने प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों के खिलाफ आगे आवश्यक कार्रवाई कर तीन सप्ताह में रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में पर्याप्त पौधरोपण और पौधों का जीवित रहना सुनिश्चित करने को कहा. मामले में अगली सुनवाई 18 दिसंबर 2026 को निर्धारित की गई है लेकिन थार क्रॉनिकल ने पाया है कि एनजीटी के सामने जो राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल ने तर्क रखा है व महज कागजी खानापूर्ति है क्योंकि गांव वालों के अनुसार खारा ग्रोथ सेंटर में एक भी औद्योगिक इकाई बंद नहीं हुई है न ही पर्याप्त पौधारोपण की व्यवस्था है .
राजकुमार मीणा
क्षेत्रीय अधिकारी बीकानेर प्रदूषण नियंत्रण मंडल"खारा औद्योगिक क्षेत्र में कुल 100 औद्योगिक इकाइयां हैं. इस क्षेत्र में हम नियमित निरीक्षण के लिए जाते हैं और जो औद्योगिक इकाइयां प्रदूषण नियमों का पालन नहीं करतीं, उन्हें बंद किया जाता है। राजकुमार मीणा ने बताया कि अब तक हमने खारा औद्योगिक क्षेत्र में 21 औद्योगिक इकाइयां पर कार्यवाही की है".