मंगलवार, 24 नवम्बर 2026
राजस्थान का निष्पक्ष एवं निर्भीक समाचार पत्र
🔴 BREAKING NEWS

24 दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर शुरू, छात्राओं को सिखाए आत्मरक्षा के गुर

निजी संस्थानों की छात्राएं भी ले सकेंगी प्रशिक्षण

24 दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर शुरू, छात्राओं को सिखाए आत्मरक्षा के गुर सूरतगढ़ स्व. श्री गुरुशरण छाबड़ा राजकीय महाविद्यालय में राजस्थान सरकार की महिला सशक्तीकरण पहल के तहत रानी लक्ष्मीबाई केंद्र के माध्यम से 24 दिवसीय निःशुल्क आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कमलजीत सिंह, डॉ. रंजीत कौर और समिति सदस्य सरस्वती देवी ने किया। रानी लक्ष्मीबाई केंद्र की प्रभारी पारुल भटेजा ने बताया कि शिविर के पहले दिन पुलिस विभाग की प्रशिक्षिका भगवती ने छात्राओं को आत्मरक्षा के विभिन्न तरीके बताए। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक बालिका के लिए आत्मरक्षा का ज्ञान जरूरी है। आत्मरक्षा की पहली सीढ़ी आत्मविश्वास है। भय और आत्मविश्वास की कमी विपरीत परिस्थितियों में बाधा बन सकती है। ऐसे में छात्राओं को निडर होकर परिस्थितियों का सामना करना सीखना चाहिए। प्रशिक्षिका ने छात्राओं को राजस्थान पुलिस के राजकॉप सिटिजन ऐप की जानकारी देते हुए बताया कि आपात स्थिति में इसके माध्यम से पुलिस की सहायता ली जा सकती है। उन्होंने महिला सलाह केंद्र की कार्यप्रणाली के बारे में भी बताया और कहा कि बालिकाएं वहां निःसंकोच अपनी शिकायत दर्ज करवाकर आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने छात्राओं से अपनी समस्याएं परिवार के सदस्यों के साथ साझा करने तथा किसी भी तरह की परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में चुप रहने के बजाय मदद लेने का आह्वान किया। निजी संस्थानों की छात्राएं भी ले सकेंगी प्रशिक्षण महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार 24 दिवसीय यह प्रशिक्षण शिविर पूरी तरह निःशुल्क है। इसमें महाविद्यालय की छात्राओं के अलावा निजी शिक्षण संस्थानों की छात्राएं और अन्य इच्छुक बालिकाएं भी भाग ले सकती हैं। शिविर का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें आत्मरक्षा के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है। इस अवसर पर डॉ. महबूब मुगल, डॉ. सुनील पूनिया, पीतांबर मंगानी, लक्ष्मीदेवी नंदा, पवन ओझा, राकेश शर्मा और पालकौर सहित संकाय सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. श्रुति जैन ने अतिथियों, प्रशिक्षिका और प्रशिक्षणार्थी छात्राओं का आभार जताया।

प्रशिक्षिका छात्राओं को राजस्थान पुलिस के राजकोप सिटिजन एप की जानकारी देते हुए
प्रशिक्षिका छात्राओं को राजस्थान पुलिस के राजकोप सिटिजन एप की जानकारी देते हुए