रविवार, 22 नवम्बर 2026
राजस्थान का निष्पक्ष एवं निर्भीक समाचार पत्र
🔴 BREAKING NEWS

जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपमा जोरवाल ने मतगणना प्रशिक्षण का किया निरीक्षण ईवीएम के प्रायोगिक प्रशिक्षण का भी लिया जायजा

पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत मतगणना कार्य को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपादित करवाने के उद्देश्य से बुधवार को पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में मतगणना पर्यवेक्षकों एवं मतगणना सहायकों के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने निरीक्षण किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचकर विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों का बारीकी से अवलोकन किया एवं प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने दक्ष प्रशिक्षकों द्वारा मतगणना कार्मिकों को प्रदान किए जा रहे प्रशिक्षण की जानकारी ली। साथ ही ईवीएम के माध्यम से दिए जा रहे प्रायोगिक प्रशिक्षण का भी अवलोकन किया तथा मतगणना की प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझा।

इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने दक्ष प्रशिक्षकों को निर्देश दिए कि वे राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप मतगणना पर्यवेक्षकों एवं सहायकों को गहन, विस्तृत एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करें। उन्होंने कहा कि मतगणना निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है, इसलिए इसमें नियुक्त प्रत्येक कार्मिक को अपने दायित्वों, कार्यप्रणाली एवं निर्धारित प्रक्रियाओं की पूर्ण जानकारी होना आवश्यक है।

उन्होंने निर्देशित किया कि प्रशिक्षण के दौरान मतगणना की प्रत्येक प्रक्रिया को स्पष्ट रूप से समझाया जाए तथा ईवीएम के प्रायोगिक अभ्यास पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि मतगणना दिवस पर कार्मिक पूरी दक्षता, सजगता एवं आत्मविश्वास के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। साथ ही आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने तथा मतगणना के दौरान निर्धारित प्रोटोकॉल एवं प्रक्रियाओं का पूर्ण अनुपालन करने पर विशेष जोर दिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन कार्य में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शुचिता बनाए रखना सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित कार्मिकों का प्रशिक्षित एवं प्रक्रिया के प्रति पूर्णतः स्पष्ट होना आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान चुनाव विशेषाधिकारी रोहित वर्मा भी उपस्थित रहे।