मंगलवार, 24 नवम्बर 2026
राजस्थान का निष्पक्ष एवं निर्भीक समाचार पत्र
🔴 BREAKING NEWS

दीपों की रोशनी से जगमगाए मंदिर और देवालय, भजन-कीर्तन पर झूमीं महिलाएं

कार्तिक पूर्णिमा व देव दीपावली पर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, देव तालाब पर हुई आरती; श्रद्धालुओं ने लगाई 108 परिक्रमाएं

कार्तिक पूर्णिमा व देव दीपावली पर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, देव तालाब पर हुई आरती; श्रद्धालुओं ने लगाई 108 परिक्रमाएं

पादूकलां। कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही रही। श्रद्धालुओं ने स्नान, दान-पुण्य कर मंदिरों में पूजा-अर्चना की तथा संध्या समय दीपदान कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। शाम होते ही कस्बे के मंदिरों, घरों और धार्मिक स्थलों पर दीपक जलाए गए,जिससे पूरा क्षेत्र दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। कस्बे के देवपद्मावती सरोवर तट पर विशेष आरती का आयोजन किया गया। वहीं चारभुजा मंदिर, कल्याण जी मंदिर, केशव राय मंदिर, उजलाई बालाजी, तिबारी वाले बालाजी, रघुनाथ जी मंदिर, रामदेव जी मंदिर, गायत्री मंदिर, श्री श्याम मंदिर, सूरजपरी जी बाबा मंदिर, सियाराम आश्रम, शनि मंदिर, रानाबाई जी महाराज मंदिर एवं गोगाजी महाराज मंदिर सहित विभिन्न देवालयों में दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान मंदिरों में भजन-कीर्तन के आयोजन हुए, जिनमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भजनों की मधुर धुनों पर महिलाओं ने नृत्य कर धार्मिक माहौल को भक्तिमय बना दिया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी श्रद्धालुओं ने मंदिरों एवं जलस्रोतों पर दीपदान कर पर्व मनाया।कल्याण जी मंदिर के पुजारी सुखदेव गोड़ ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली पर मंगलवार सुबह चार बजे नित्य कार्यक्रम के तहत स्नान कर भगवान की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली की कथा श्रवण की तथा भगवान की 108 परिक्रमाएं लगाकर परिवार की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।धार्मिक मान्यता के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। इसी खुशी में देवताओं ने दीपोत्सव मनाया था, देव दीपावली के रूप में मनाया जाता है। संध्या आरती के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचे और दीप प्रज्ज्वलित कर जीवन में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।

पादूकलां। कस्बे के कल्याण के मंदिर परिसर में देव दीपावली पर भजन-कीर्तन करतीं महिलाएं एवं दीपदान करते श्रद्धालु।
पादूकलां। कस्बे के कल्याण के मंदिर परिसर में देव दीपावली पर भजन-कीर्तन करतीं महिलाएं एवं दीपदान करते श्रद्धालु।