मंगलवार, 24 नवम्बर 2026
राजस्थान का निष्पक्ष एवं निर्भीक समाचार पत्र
🔴 BREAKING NEWS

जैसलमेर को कल मिलेगा नया जिला प्रमुख, जिला परिषद की 21 सीटों में कांग्रेस का 20 पर कब्जा, भाजपा के खाते में महज एक सीट।

चार दावेदारों में से किसके सिर सजेगा जिला प्रमुख का ताज, कल होगा फैसला

जैसलमेर। जैसलमेर जिला परिषद को कल नया जिला प्रमुख मिलने जा रहा है। जिला प्रमुख पद के चुनाव को लेकर जिले की सियासत में हलचल तेज हो गई है। इस बार जिला प्रमुख का पद अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के लिए आरक्षित होने के चलते मुकाबला भी इसी वर्ग के जिला परिषद सदस्यों के बीच होना है। ऐसे में सभी की निगाहें कल होने वाले चुनाव और कांग्रेस की ओर से घोषित किए जाने वाले नाम पर टिकी हुई हैं।

जिला परिषद चुनाव के नतीजों पर नजर डालें तो जैसलमेर में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 21 में से 20 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा को महज एक सीट से संतोष करना पड़ा। कांग्रेस के इस मजबूत बहुमत ने जिला प्रमुख चुनाव में पार्टी की स्थिति काफी मजबूत कर दी है। वहीं भाजपा के पास एसटी वर्ग का कोई जिला परिषद सदस्य नहीं होने के कारण जिला प्रमुख पद की दावेदारी में पार्टी की स्थिति कमजोर नजर आ रही है।

कांग्रेस के चार एसटी सदस्य, सभी की नजर जिला प्रमुख की कुर्सी पर

जिला प्रमुख का पद एसटी वर्ग के लिए आरक्षित होने के कारण कांग्रेस के चारों एसटी वर्ग के जिला परिषद सदस्य दावेदारी की दौड़ में बताए जा रहे हैं। इन चारों में से किसी एक के नाम पर पार्टी अंतिम मुहर लगाएगी। हालांकि पार्टी नेतृत्व के सामने सबसे बड़ी चुनौती चार दावेदारों में से सर्वसम्मति बनाकर एक नाम तय करने की होगी।

राजनीतिक जानकारों की मानें तो जिला प्रमुख का चुनाव केवल संख्या बल का मुकाबला नहीं, बल्कि कांग्रेस के भीतर राजनीतिक संतुलन और संगठनात्मक समीकरणों की भी परीक्षा होगा। पार्टी नेतृत्व किस दावेदार पर भरोसा जताता है, यह देखना दिलचस्प रहेगा।

बहुमत कांग्रेस के पास, अब नाम पर टिकी निगाहें

जिला परिषद की 21 सीटों में 20 सीटों के साथ कांग्रेस का स्पष्ट बहुमत है। ऐसे में जिला प्रमुख की कुर्सी पर कांग्रेस का प्रत्याशी काबिज होना लगभग तय माना जा रहा है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि कांग्रेस के चार एसटी जिला परिषद सदस्यों में से किसे जिला प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

कल होने वाले चुनाव में जैसलमेर को नया जिला प्रमुख मिल जाएगा और इसके साथ ही जिले की आगामी ग्रामीण राजनीति की दिशा भी तय होगी। फिलहाल राजनीतिक गलियारों में एक ही चर्चा है—आखिर किसके सिर सजेगा जैसलमेर जिला प्रमुख का ताज? कल इस सियासी सस्पेंस से पर्दा उठ जाएगा।