पादूकलां में बाल विवाह और नशे के खिलाफ जागरूकता की मुहिम, विद्यार्थियों ने ली समाज को बदलने की शपथ
पादूकलां मेंबाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति और नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के खिलाफ अब जागरूकता की पहल तेज हो गई है। नालसा की विशेष मेगा ड्राइव के तहत पादूकलां के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। यहां विद्यार्थियों को बाल विवाह मुक्त भारत और नशा मुक्त समाज बनाने की शपथ दिलाई गई। इतना ही नहीं, गांव के जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं और निःशुल्क कानूनी सहायता पहुंचाने के लिए घर-घर सर्वे अभियान भी चलाया जाएगा।
जागरूकता शिविर का आयोजन
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मेड़ता के अध्यक्ष तथा जिला एवं सेशन न्यायाधीश अतुल कुमार सक्सेना के मार्गदर्शन में शुक्रवार को पादूकलां के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता शिविर आयोजित हुआ।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मेड़ता के सचिव एवं नोडल अधिकारी संजय कुमार मालवीय ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण यानी नालसा की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा पर जोर कार्यक्रम में बच्चों के लिए मैत्रीपूर्ण योजना, मानसिक रूप से विमंदित व्यक्तियों के लिए विधिक सेवा योजना, नालसा डाउन योजना, शिक्षा योजना, बाल विवाह प्रतिषेध अभियान, पॉक्सो अधिनियम और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी प्रकार के शोषण, साइबर अपराध या कानूनी परेशानी की स्थिति में चुप रहने के बजाय उचित सहायता लेनी चाहिए।
अब घर-घर पहुंचेगा अभियान
नालसा की विशेष मेगा ड्राइव के तहत पादूकलां गांव में 16 नवंबर से शुरू हुए अभियान के अंतर्गत पैरालीगल वॉलंटियर्स घर-घर जाकर सर्वेक्षण करेंगे। इस दौरान पात्र और जरूरतमंद परिवारों को चिह्नित कर उनकी आवश्यकताओं के अनुसार सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं एवं निःशुल्क विधिक सहायता से जोड़ा जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव नियमित रूप से अभियान की प्रगति की समीक्षा भी करेंगे।
हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
शिविर में नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी देते हुए बताया गया कि जरूरतमंद व्यक्ति इन नंबरों के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता एवं बाल संरक्षण संबंधी मदद प्राप्त कर सकते हैं।
विद्यार्थियों ने लिया संकल्पकार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को बाल विवाह मुक्त भारत और नशा मुक्त समाज बनाने की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों से आह्वान किया गया कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार, गांव तथा समाज में भी बाल विवाह एवं नशे के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करें। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य सपना चौधरी, उपप्रधानाचार्य प्रियदर्शी, शिक्षक संजूलता, छेनाराम, धन्नाराम, दिनेश सहित अन्य शिक्षकगण एवं अधिकार मित्र जुगल सिंह सोलंकी मौजूद रहे।
नालसा की इस पहल का उद्देश्य साफ है—हर पात्र व्यक्ति तक उसका अधिकार पहुंचे, हर बच्चे का भविष्य सुरक्षित रहे और समाज बाल विवाह तथा नशे जैसी बुराइयों से मुक्त बने।