जैसलमेर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जैसलमेर में जिला प्रमुख के पद के लिए आज (बुधवार, 25 नवम्बर) चुनाव संपन्न होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर मतदान केंद्र की व्यवस्थाओं तक को अंतिम रूप दे दिया गया है।
दिनभर ऐसी रहेगी चुनाव की समय सारणी
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, जिला प्रमुख के चुनाव के लिए आज सुबह से ही राजनीतिक हलचल तेज रहेगी और पूरा दिन चरणबद्ध तरीके से चुनावी प्रक्रिया चलेगी:
सुबह 10:00 बजे: निर्वाचन प्रक्रिया के तहत बैठक की शुरुआत होगी।
सुबह 11:00 बजे तक: इच्छुक उम्मीदवारों द्वारा नाम निर्देशन पत्र (नामांकन) प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
सुबह 11:30 बजे तक: दाखिल किए गए नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा (जांच) की जाएगी।
दोपहर 1:00 बजे तक: अभ्यर्थी अपना नाम वापस ले सकेंगे।
दोपहर 1:00 बजे के तुरंत बाद: चुनाव लड़ने वाले अंतिम अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर उन्हें चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।
दोपहर 3:00 से शाम 5:00 बजे तक यदि एक से अधिक उम्मीदवार मैदान में रहते हैं और मतदान आवश्यक हुआ, तो इस समय के बीच वोटिंग करवाई जाएगी।
शाम 5:00 बजे के बाद: मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात मतगणना शुरू होगी और नए जिला प्रमुख के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।