जैसलमेर। सीमावर्ती जिले जैसलमेर में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत अब जिला परिषद और पंचायत समितियों में प्रमुख पदों के निर्वाचन की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। जिला प्रमुख के चुनाव के बाद अब सभी की नजरें उप जिला प्रमुख और प्रधान पद के चुनाव पर टिकी हैं। कल यानी 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख का चुनाव होगा, जबकि 27 नवंबर को प्रधान पद के लिए निर्वाचन करवाया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ये रहेगा चुनाव का पूरा कार्यक्रम निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोनों ही दिनों में बैठक सुबह 10 बजे शुरू होगी। अभ्यर्थी सुबह 11 बजे तक अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे तक नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। वहीं दोपहर 1 बजे तक अभ्यर्थी अपना नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होते ही चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची तैयार की जाएगी और चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। यदि मतदान की आवश्यकता हुई तो दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान करवाया जाएगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे। अब देखना होगा कि जैसलमेर में उप जिला प्रमुख और प्रधान की कुर्सी पर किसका कब्जा होता है। इन चुनावों को लेकर राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।