बुधवार, 25 नवम्बर 2026
राजस्थान का निष्पक्ष एवं निर्भीक समाचार पत्र
🔴 BREAKING NEWS

जिला प्रमुख चुनाव में बगावत पर डोटासरा का बड़ा एक्शन, पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल और बेटी सरिता कांग्रेस से निलंबित

निकिता डूडी की जीत के बाद पार्टी ने लिया फैसला, कांग्रेस के बहुमत के बावजूद अधिकृत प्रत्याशी को मिले 23 वोट; पांच मतों से जीतीं निकिता

Advertisement
विज्ञापन के लिए संपर्क

बीकानेर जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस के भीतर चली खींचतान और गुटबाजी के बीच प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बड़ा अनुशासनात्मक कदम उठाया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल और उनकी बेटी जिला परिषद सदस्य सरिता मेघवाल को पार्टी से निलंबित कर दिया है। जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी निकिता डूडी की जीत के बाद यह कार्रवाई सामने आई है। दरअसल, बीकानेर जिला परिषद में कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत था, लेकिन जिला प्रमुख पद के लिए प्रत्याशी चयन को लेकर पार्टी में अंदरूनी खींचतान सामने आ गई। कांग्रेस ने नोखा विधायक सुशीला डूडी की बहू निकिता डूडी को अधिकृत प्रत्याशी बनाया था। वहीं पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल की बेटी सरिता चौहान भी जिला प्रमुख पद की दावेदार थीं। पार्टी से टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया। जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी निकिता डूडी को 23 वोट मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी सरिता चौहान को 18 वोट मिले। इस तरह निकिता डूडी ने पांच मतों से जीत दर्ज कर जिला प्रमुख का पद हासिल किया। कांग्रेस के पास 30 जिला परिषद सदस्य होने के बावजूद अधिकृत प्रत्याशी को 23 वोट ही मिलना पार्टी के भीतर क्रॉस वोटिंग और गुटबाजी की ओर इशारा करता है। चुनाव परिणाम आने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सख्त रुख अपनाते हुए पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल और उनकी बेटी सरिता मेघवाल को पार्टी से निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई को कांग्रेस नेतृत्व की ओर से पार्टी अनुशासन के खिलाफ गतिविधियों पर कड़ा संदेश माना जा रहा है। बीकानेर जिला प्रमुख चुनाव में एक तरफ निकिता डूडी की जीत हुई, तो दूसरी तरफ पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल पर निलंबन की गाज गिर गई। इस घटनाक्रम ने कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति और प्रदेश संगठन में गुटबाजी को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।

जिला प्रमुख चुनाव में बगावत पर डोटासरा का बड़ा एक्शन, पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल और बेटी सरिता कांग्रेस से निलंबित